माँ
माटी चबाता, भागता मैं घर-द्वारे,
और छरी ले कर मुझे माँ ढूँढती थी ।
डांट खा कर आँसुओं के धार बहते,
गोद में ले कर मुझे फिर चूमती थी ॥
हालत बिगड़ जाती किताबें देख कर जब,
आँखें बड़ी कर के मुझे वो देखती थी।
हुल्लड़ मचा कर उस के आँचल में ही छिपता,
सारी शिकायत माँ बिचारी झेलती थी ॥
हर स्वाद फीका आज है, भूखा बहुत हूँ ,
ऐसी क्षुधा मुझको नहीं तब घेरती थी ,
प्यार से मुझ को खिला कर दूध-रोटी,
हाथ मेरे सिर पे जब तू फेरती थी ॥
-ऋषि चन्द्र
No comments:
Post a Comment